देहरादून | Doon Valley Times
उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 10 जुलाई 2026 के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और चम्पावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है, जिससे भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य अधिकांश जिलों में भी भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
देहरादून में भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में भी कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
देहरादून में स्कूलों की छुट्टी
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 10 जुलाई 2026 को देहरादून जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
24 घंटे अलर्ट मोड पर प्रशासन
राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, सड़क मार्गों की लगातार निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
लोगों से की गई यह अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।




