नैनीताल हाईकोर्ट के पास विशालकाय पेड़ गिरा, दो राहगीर घायल; SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

Listen to this article

नैनीताल, 10 जुलाई। नैनीताल हाईकोर्ट के समीप न्यू पैवेलियन होटल के पास गुरुवार देर रात एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर जाने से दो राहगीर घायल हो गए। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने पुलिस और फायर सर्विस के साथ संयुक्त रूप से त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एसडीआरएफ के अनुसार, 9 जुलाई की रात्रि आपदा प्रबंधन विभाग से सूचना प्राप्त हुई कि हाईकोर्ट के पास पेड़ गिरने से कुछ लोगों के उसके नीचे दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने पेड़ को हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित किया तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल बीडी पांडे चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया।
घटना में अब्दुल वाशिद (58 वर्ष) एवं दीवान चंद्र आर्या (32 वर्ष) घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है। दोनों का उपचार बीडी पांडे चिकित्सालय में जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *