राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की 21वीं बैठक में करेंसी चेस्ट, नकदी परिवहन और जाली नोटों से जुड़े मामलों पर हुई विस्तृत चर्चा
देहरादून। उत्तराखंड में बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट तथा नकदी के सुरक्षित परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति (SLSC) की 21वीं बैठक शुक्रवार को सचिवालय, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव गृह शैलेश बगौली ने की।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), कानपुर द्वारा आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में राज्य प्रशासन, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों, करेंसी चेस्ट संचालित करने वाले बैंकों तथा राज्य में व्यापक शाखा नेटवर्क वाले विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में आरबीआई कानपुर, देहरादून तथा केंद्रीय कार्यालय मुंबई के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
करेंसी चेस्ट और नकदी परिवहन की सुरक्षा पर मंथन
बैठक में बैंकिंग संस्थानों के समक्ष आने वाली विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से करेंसी चेस्ट की सुरक्षा, नकदी के सुरक्षित परिवहन तथा जाली भारतीय मुद्रा नोटों से जुड़े मामलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उपायों पर मंथन किया गया।
अधिकारियों ने बैंकिंग परिसरों और करेंसी चेस्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ नकदी के आवागमन के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया।

समन्वय और सूचना साझा करने पर जोर
बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति बैंकों, सुरक्षा सेवाओं के प्रदाताओं तथा सुरक्षा व्यवस्था का उपयोग करने वाले संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
बैठक में शामिल सभी हितधारकों ने बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट और नकदी परिवहन से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर समन्वय, समयबद्ध सूचना साझाकरण और आपसी सहयोग को आवश्यक बताया।
अधिकारियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया।
