श्रीनगर/ऋषिकेश। श्रीनगर से पिछले 16 दिनों से लापता चल रही नाबालिग युवती के मामले में बुधवार देर शाम दुखद मोड़ सामने आया। बयासी क्षेत्र में नदी से एक बालिका का शव बरामद होने की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर युवती के परिजन ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि किशोरी पिछले 16 दिनों से लापता थी। उसकी तलाश के लिए श्रीनगर पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था। नदी किनारों समेत संभावित स्थानों पर व्यापक स्तर पर खोजबीन की गई थी।
मामले को लेकर वाल्मीकि समाज और स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला था। कुछ दिन पूर्व लोगों ने श्रीनगर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया था और पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




