देहरादून। राजधानी देहरादून से एक अत्यंत दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। कारगिल युद्ध के योद्धा रहे पूर्व सैनिक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेश मल्ल की होनहार बेटी रिया कुमारी थापा ने कथित रूप से आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार रिया एक मेधावी छात्रा थी, जिसने 12वीं कक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। वह मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी और हाल ही में आयोजित परीक्षा में शामिल हुई थी। परिजनों और परिचितों के अनुसार उसका पेपर काफी अच्छा हुआ था तथा उसे बेहतर परिणाम की उम्मीद थी।
बताया जा रहा है कि परीक्षा से जुड़े विवादों और पेपर लीक की खबरों से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। घटना के बाद मिले एक नोट में उसने “I’m Sorry” और “मैं बोझ हूं” जैसे शब्द लिखे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
रिया की असमय मौत से परिवार, मित्रों और क्षेत्र में शोक की लहर है। इस घटना ने एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव, प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।




