हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लंबे वीकेंड के दौरान हरिद्वार में ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा डालने तथा पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के मामले में कनखल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर ऑडी कार सवार महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की गई थी। कनखल क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मी वाहनों को निर्धारित मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेज रहे थे।
इसी दौरान एक ऑडी कार वहां पहुंची। पुलिस के अनुसार, जब कार सवारों से डायवर्जन योजना का पालन करने को कहा गया तो कार में मौजूद दो पुरुष और एक महिला भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बहस की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वायरल वीडियो में महिला को एक पुलिस अधिकारी से तीखी बहस करते हुए देखा जा सकता है, जिसमें वह कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आ रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। आरोप है कि जाते समय कार सवारों ने पुलिसकर्मियों को धमकी भी दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के बाद कनखल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। स्नान पर्व समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और वाहन की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने श्यामपुर क्षेत्र में ऑडी कार को रोककर सीज कर दिया। जांच में कार सवारों की पहचान क्षतिज बाली, उनकी पत्नी तथा संकेत बाली के रूप में हुई, जो नई दिल्ली के उत्तम नगर स्थित वाणी विहार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इस बीच पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है। कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन को सीज कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



