विकास कार्यों के लिए केंद्र से उत्तराखंड को 2355 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात

Listen to this article

देहरादून। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को विकास कार्यों के लिए बड़ी वित्तीय राहत देते हुए 2355 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की है। यह राशि “प्राइड ऑफ हिल्स” और केंद्र पोषित योजनाओं के तहत राज्य को दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य को ऋणों के पुनर्भुगतान के लिए 2283 करोड़ रुपये तथा केंद्र पोषित योजनाओं में राज्यांश के लिए 71.94 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे राज्य की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलने के साथ-साथ विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।  

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोग कर रही है और इसका लाभ प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचेगा।  

राज्य सरकार के अनुसार, इस धनराशि का उपयोग सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में किया जाएगा, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।  

About The Author