बैरागीवाला हत्याकांड: पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री धामी से लगाई मदद की गुहार

Listen to this article

देहरादून। बैरागीवाला हत्याकांड में मारे गए विनोद कुमार के परिजनों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात कर आर्थिक सहायता एवं रोजगार की मांग की। इस अवसर पर भाजपा देहरादून ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता तथा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नीरज कश्यप भी उपस्थित रहे।

परिजनों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 13 जून को बैरागीवाला गांव में हुई हिंसक घटना में विनोद कुमार की हत्या कर दी गई थी। विनोद कुमार परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जिन पर माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों की जिम्मेदारी थी। उनकी मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से बच्चों की शिक्षा, आर्थिक सहायता तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की। भाजपा नेताओं ने भी मुख्यमंत्री से परिवार को उचित आर्थिक सहयोग प्रदान करने और मृतक आश्रित के रूप में उनकी पत्नी को स्थानीय सरकारी विद्यालय में रोजगार उपलब्ध कराने पर विचार करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले का परीक्षण कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही हत्याकांड में फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए न्याय और सहयोग की उम्मीद जताई।

About The Author