देहरादून। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्रव्यापी #छात्रोंकीगूंज (Chhatron Ki Goonj) अभियान को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में देहरादून स्थित प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान एआईसीसी सचिव, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के साथ अभियान का पोस्टर जारी किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए शिक्षा एवं रोजगार व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए रंजीत रंजन ने कहा कि आज देश का छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। ऐसे समय में कांग्रेस का #छात्रोंकीगूंज अभियान छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि देशभर के युवा रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के समान अवसर मिलना उनका अधिकार है। कांग्रेस लगातार युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है और सरकार को इन मुद्दों पर जवाबदेह बनाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होता है। यदि छात्रों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं किया गया तो इसका असर देश के विकास पर भी पड़ेगा। इसलिए शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों को राजनीतिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे के रूप में देखा जाना चाहिए।
प्रेसवार्ता में मौजूद नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया #छात्रोंकीगूंज अभियान देश के छात्रों को एक मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपनी समस्याओं और सुझावों को मजबूती से रख सकेंगे। अभियान के माध्यम से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर वैभव त्यागी, ज्योति रौतेला, सुमितर भुल्लर, गरिमा दसौनी, जसविंदर सिंह गोगी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने अभियान को सफल बनाने और युवाओं की आवाज़ को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि #छात्रोंकीगूंज अभियान के माध्यम से देश के युवाओं और छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा उनके अधिकारों, शिक्षा और रोजगार के अवसरों की सुरक्षा के लिए संघर्ष को और मजबूती मिलेगी।




