रायपुर में शराब ठेके के पास आपस में झगड़ा कर रहे दो व्यक्ति गिरफ्तार, शांति भंग के आरोप में चालानी कार्रवाई
देहरादून, 25 सितंबर 2026। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर आपस में झगड़ा कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को रायपुर क्षेत्र में शराब के ठेके के पास दो व्यक्तियों के बीच लड़ाई-झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में थाना रायपुर पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों को चिन्हित करने के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 172 BNSS के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. पवन कुमार, पुत्र रामजद, निवासी रायपुर बाजार, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र करीब 36 वर्ष।
2. मुकेश रावत, पुत्र राम सिंह रावत, निवासी नत्थुवाला, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र करीब 40 वर्ष।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां दिखाई देती हैं, का संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
