डीएम ने दिए 24×7 पेट्रोलिंग, सघन चेकिंग और ओवरस्पीड-ओवरलोडिंग पर कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 26 सितंबर 2026। दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए धर्मपुर विधायक विनोद चमोली एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुर्घटनाओं के कारणों और उनके स्थायी समाधान को लेकर मौके पर विस्तृत चर्चा की। विधायक एवं डीएम ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
निरीक्षण के दौरान मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट पर होने वाली दुर्घटनाओं में ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग को प्रमुख कारक बताया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन दोनों कारणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
24×7 पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी के लिए अधिकारियों की टास्क फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत टास्क फोर्स की तैनाती की जाएगी और क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने तक यह सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
पुलिस एवं परिवहन विभाग को क्षेत्र में 24×7 नियमित पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से भारी एवं लोडिंग वाहनों की ओवरलोडिंग की जांच करने के साथ वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।
ब्लैक स्पॉट से पहले बनेगा चेक पोस्ट
डीएम ने दुर्घटना स्थल से पहले चेक पोस्ट स्थापित कर वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चेक पोस्ट के आगे यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए राउंडअबाउट सहित आवश्यक ट्रैफिक मैनेजमेंट व्यवस्था विकसित करने और बड़े एवं भारी वाहनों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित मार्ग से निकालने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
सड़क की डिजाइन और तकनीकी पहलुओं की होगी जांच
जिलाधिकारी ने एनएच एवं एनएचआई के वरिष्ठ अधिकारियों को मौहब्बेवाला ब्लैक स्पॉट का तकनीकी रूप से दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए। इसमें सड़क की डिजाइन, मोड़, ढलान, विजिबिलिटी और यातायात दबाव सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा।
डीएम ने निर्देश दिए कि स्थानीय क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को भी तकनीकी कार्ययोजना में शामिल किया जाए, ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी समाधान तैयार किया जा सके।
साइनेज, CCTV और स्पीड मॉनिटरिंग पर जोर
सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त साइनेज, CCTV कैमरे, स्पीड ब्रेकर और स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र के बारे में पहले से सचेत करने के लिए स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाने तथा वाहनों की गति की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्यों के साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए सुझावों को भी कार्ययोजना में शामिल करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तात्कालिक उपायों के साथ स्थायी और तकनीकी समाधान सुनिश्चित किए जाएं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एनएच, एनएचआई, लोक निर्माण विभाग, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

