फेसबुक विवाद के बाद व्यापारी की दुकान पर पहुंचा मोहम्मद दीपक, गाली-गलौज और धमकी के आरोप में गिरफ्तार

कोटद्वार में सोशल मीडिया विवाद ने लिया तूल, CCTV में कैद हुई घटना; पुलिस ने की कार्रवाई

कोटद्वार/पौड़ी। कोटद्वार में अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के CCTV फुटेज सहित उपलब्ध फोटो और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया, जिनसे प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा वादी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के तथ्य सामने आए।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को वादी संजीव टोंक ने कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया कि दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0 240/2026 के तहत धारा 351(2), 352 BNS में अभियोग दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 196 एवं 115 BNS की भी बढ़ोतरी की गई।

CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच

पौड़ी पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल के CCTV फुटेज के साथ उपलब्ध फोटो एवं वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा वादी के साथ गाली-गलौज एवं धमकी दिए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने यह भी बताया कि जांच के दौरान दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक का नाम पूर्व में विभिन्न सामाजिक विवादों से जुड़े मामलों में सामने आने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों के कारण पूर्व में क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी थी।

शांति व्यवस्था को देखते हुए गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गतिविधियों, उपलब्ध साक्ष्यों और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावनाओं को देखते हुए कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को BNSS की धारा 170 के अंतर्गत गिरफ्तार किया।

पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने, समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

About The Author