कोटद्वार। कोटद्वार में एक युवक को अपनी स्कॉर्पियो पर मंत्री का बोर्ड लगाकर रौब दिखाना महंगा पड़ गया। गैरेज रोड क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो से माइक पर अनाउंसमेंट और हूटर बजाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन पर लाल-नीली बत्ती, हूटर तथा माइक लगा मिला। चालक से पूछताछ की गई तो वह यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि वाहन किस मंत्री का है। जांच में सामने आया कि युवक ने केवल लोगों पर प्रभाव जमाने और रौब दिखाने के लिए वाहन पर मंत्री का बोर्ड लगाया था।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वीआईपी संस्कृति और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी पद या वीआईपी पहचान का दुरुपयोग करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।




