कोटद्वार। लैंसडाउन वन प्रभाग के अंतर्गत रामणी-पुलिंडा मोटरमार्ग पर सोमवार शाम हाथियों के झुंड ने जमकर आतंक मचाया। हाथियों ने सड़क से गुजर रहे स्कूटी और बाइक सवारों पर हमला करने का प्रयास किया। अचानक हाथियों के सामने आने से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हाथियों के हमले से बचने के लिए स्कूटी और बाइक सवारों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसी दौरान हाथियों ने दोपहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रामणी-पुलिंडा मोटरमार्ग पर हाथियों की लगातार आवाजाही से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
वन क्षेत्र से गुजरने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें। हाथियों को देखकर उनके करीब न जाएं और उन्हें उकसाने की कोशिश न करें।
