जोशीमठ। चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र के कलगोठ गांव में खेत में काम कर रहे एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, किसान खेत में काम कर रहा था, तभी अचानक भालू वहां पहुंच गया और उस पर हमला कर दिया। किसान के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
हमले में किसान के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में लगातार वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे खेतों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
