रिस्पना को नया जीवन देने की तैयारी, सफाई अभियान में जुटा प्रशासन

Listen to this article

देहरादून। मानसून से पहले रिस्पना नदी के पुनरुद्धार और स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, महापौर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने राजीव नगर क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पहले रिस्पना नदी की व्यापक सफाई प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिले। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

नगर निगम द्वारा मार्च से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत अब तक करीब 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। निगम की ओर से बिंदाल नदी के 8 किलोमीटर और रिस्पना नदी के 12 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अन्य नदी-नालों और जलधाराओं में भी नियमित सफाई कार्य जारी है।

रिस्पना नदी की सफाई के लिए 12 जेसीबी मशीनें और 15 डंपर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा और अन्य अवरोध हटाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य नदी को प्रदूषण और अतिक्रमण से मुक्त कर उसका पुनर्जीवन करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के सहयोग से नदी संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत नदी किनारे कूड़ा डंपिंग स्थलों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सफाई की जाएगी तथा बिना उपचारित नालों के पानी को नदी में गिरने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासन का कहना है कि रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए दीर्घकालिक और व्यवहारिक योजना पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा, जिससे नदी को फिर से स्वच्छ और जीवंत बनाया जा सके।

About The Author