देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में माननीय प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सह-प्रभारी मनोज यादव तथा संगठन सृजन अभियान के प्रभारी चल्ला वंशी चंद रेड्डी की गरिमामयी उपस्थिति में पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक कार्यों, गतिविधियों एवं प्रदर्शन की विस्तार से समीक्षा की गई। नेताओं ने संगठन की वर्तमान स्थिति, जनसंपर्क अभियानों तथा पार्टी की आगामी रणनीतियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आगामी राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर प्रभारी नेताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए।

कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन को गांव, वार्ड एवं बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर आगामी चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा।





