दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

Listen to this article

हल्द्वानी/कालाढूंगी। कालाढूंगी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वन निगम के समीप दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में जुटकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6:10 बजे डायल-112 पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। जांच में सामने आया कि वाहन संख्या UK04AM-8740 (किया सोनेट), जिसे विक्रम रावत निवासी गोलापार चला रहे थे, तथा वाहन संख्या UK04S-2977 (ऑल्टो-800) के बीच वन निगम के पास आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के समय ऑल्टो कार में शुभम सामंत (30 वर्ष), कमल मिश्रा (30 वर्ष), हर्षित अधिकारी (31 वर्ष) और नरेंद्र अधिकारी सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग कारों में फंस गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल शुभम सामंत निवासी रामपुर चकलुवा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल कमल मिश्रा, हर्षित अधिकारी और नरेंद्र अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

About The Author