VBGRMG योजना का बहिष्कार जारी रहेगा, देहरादून के ग्राम प्रधान अपने फैसले पर अडिग

सीडीओ के साथ बैठक में प्रधान संगठन ने दोहराया निर्णय, लंबित मांगें पूरी होने तक योजना में नहीं करेंगे सहयोग

देहरादून | 6 अगस्त

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह की अध्यक्षता में बुधवार को वीबीजीआरएमजी (VBGRMG) योजना को लेकर जनपद देहरादून के ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए ग्राम प्रधानों से इसके प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग का आग्रह किया।

बैठक के दौरान प्रधान संगठन, जनपद देहरादून के जिलाध्यक्ष शुभम मल्ल ने संगठन की ओर से स्पष्ट किया कि पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुसार जनपद के ग्राम प्रधान वीबीजीआरएमजी योजना के अंतर्गत किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन अपने निर्णय पर कायम है और योजना का बहिष्कार जारी रहेगा।

शुभम मल्ल ने कहा कि जब तक ग्राम प्रधानों की लंबित मांगों और संगठन द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों का संतोषजनक समाधान नहीं किया जाता, तब तक देहरादून जनपद का कोई भी ग्राम प्रधान इस योजना में भागीदारी नहीं करेगा।

प्रधान संगठन ने सभी ग्राम प्रधानों से संगठन के निर्णय का पालन करने और एकजुट रहने की अपील की। संगठन का कहना है कि वह ग्राम प्रधानों के अधिकारों, सम्मान और ग्राम पंचायतों के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष जारी रखेगा।

बैठक में प्रधान संगठन के पदाधिकारी एवं ग्राम प्रधान भरत सिंह तोमर, चरण सिंह चौहान, आनंद सिंह चौहान, आशीष बिष्ट, रजनी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

About The Author