₹17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की मुख्यमंत्री धामी ने दी सौगात

देहरादून | दून वैली टाइम्स

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के पुरकुल क्षेत्र में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की लगभग ₹17.80 करोड़ लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में लगभग ₹3.36 करोड़ की लागत से निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी। इनमें सालावाला में ₹86 लाख की लागत से सड़क एवं पुस्ता निर्माण, डोभालवाला और विजय कॉलोनी में ₹1.32-₹1.32 करोड़ की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्य, तथा सालावाला में ₹2.50 करोड़ की लागत से नए सामुदायिक भवन के निर्माण का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार और एमडीडीए जनभावनाओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा विकसित करना है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सैन्य धाम परियोजना, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं सहित अनेक विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, जनप्रतिनिधि, एमडीडीए के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author