बीएलओ स्तर पर सामान्य विसंगतियों का करें निस्तारण, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई ERO/AERO स्तर पर हो : सीईओ
देहरादून, 4 अगस्त। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को देहरादून जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जारी नोटिसों की सुनवाई और मतदाता सत्यापन प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से सीधे संवाद कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और चल रही प्रक्रिया पर उनका फीडबैक भी लिया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-65 (प्राथमिक विद्यालय, दिलाराम बाजार) तथा रायपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-10 (प्राथमिक विद्यालय, डांडा खुदानेवाला) का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नोटिसों के निस्तारण, मतदाता सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और शिकायतों के समाधान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि फील्ड विजिट का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि धरातल पर सामने आ रही व्यवहारिक समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में सभी मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) को भी नियमित रूप से मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जिन नोटिसों में सामान्य प्रकार की विसंगतियां हैं, उनका निस्तारण बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) अपने स्तर पर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर करें, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर ईआरओ एवं एईआरओ स्तर पर नियमानुसार सुनवाई कर समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।
उन्होंने बताया कि सोमवार को हरिद्वार जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद मंगलवार को देहरादून में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रदेश के सभी जनपदों में निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है।
जनपदों के निरीक्षण की अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सीईओ कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में स्थलीय निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे – देहरादून एवं हरिद्वार
- संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का – नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत एवं पिथौरागढ़
- उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी – पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं बागेश्वर
- सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास – ऊधमसिंह नगर, टिहरी गढ़वाल एवं उत्तरकाशी
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, ईआरओ राजपुर तनवीर मारवाह तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी भी उपस्थित रहे।
— दून वैली टाइम्स
