वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की तर्ज पर भव्य होगा हनोल जागरा मेला-2026

13 सितंबर की रात पारंपरिक जागर, 14 सितंबर को होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम; डीएम ने तैयारियों को लेकर दिए व्यापक दिशा-निर्देश

देहरादून। जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री महासू देवता मंदिर, हनोल में आयोजित होने वाले जागरा मेला-2026 को इस वर्ष भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। जिला प्रशासन मेले को वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की तर्ज पर आयोजित करने की दिशा में तैयारियों में जुट गया है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट देहरादून में जागरा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

13 और 14 सितंबर को होगा मेला

हनोल में 13 एवं 14 सितंबर 2026 को जागरा मेले का आयोजन होगा। 13 सितंबर की रात्रि पारंपरिक जागर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 सितंबर को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। डीएम ने कहा कि हनोल मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने को देखते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

ट्रैफिक और पार्किंग पर विशेष फोकस

डीएम ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को मेले के लिए पहले से प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। संभावित श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या को देखते हुए पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा वाहनों के आवागमन की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

पेयजल और स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था

मेले के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल संस्थान को आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था पहले से करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत एवं संबंधित विभागों को मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने को कहा गया। मोबाइल टॉयलेट एवं अस्थायी शौचालयों की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।

सड़कों की मरम्मत मेला शुरू होने से पहले

डीएम ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को हनोल पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जहां सड़क मरम्मत, पैचवर्क, सफाई अथवा अन्य सुधार की जरूरत हो, उसे मेला शुरू होने से पहले प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।

आरटीओ को मेले के दौरान ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखने तथा सार्वजनिक परिवहन एवं अन्य वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

24 घंटे उपलब्ध रहेगी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेला स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, दवाइयां, उपकरण और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मेला क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ तकनीकी खराबी अथवा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने को भी कहा गया।

डीएम ने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर आपसी समन्वय से हनोल जागरा मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, आकर्षक और यादगार आयोजन बनाया जाए।

बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदर स्याणा चमन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविन्द्र जुवांठा, उप जिलाधिकारी चकराता प्रेमलाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर विवेक सिंह कुटियाल, वरिष्ठ सदस्य चंदन राजगुरू, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

L

About The Author