देहरादून में भारी बारिश का कहर: पुश्ता ढहा, पांच मकान क्षतिग्रस्त, बुजुर्ग महिला घायल

Listen to this article

देहरादून | Doon Valley Times
राजधानी देहरादून में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पर गहरा असर डाला है। देर रात नई बस्ती विजय कॉलोनी, पथरिया पीर क्षेत्र में भारी बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। क्षेत्र में बना एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया, जिसकी दीवार नीचे स्थित मकानों पर गिर गई। हादसे में चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला विमला देवी घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीमों ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और पूरे क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
घायल विमला देवी को स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन और अन्य पुश्तों के कमजोर होने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुश्ते के आसपास स्थित मकानों को खाली करा दिया गया है तथा लोगों को फिलहाल अपने घरों में वापस नहीं जाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार पूरे इलाके की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान जर्जर पुश्तों, ढलानों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन को दें।
घटना की मुख्य बातें:
स्थान: नई बस्ती विजय कॉलोनी, पथरिया पीर, देहरादून
कारण: लगातार भारी बारिश
नुकसान: 4 से 5 मकान क्षतिग्रस्त
घायल: 62 वर्षीय विमला देवी
राहत कार्य: पुलिस, एसडीआरएफ व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई जारी

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *