ऋषिकेश में 435 ग्राम चरस और 14.50 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

5 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद, आरोपी के खिलाफ 51 मुकदमे दर्ज

ऋषिकेश। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत की 435 ग्राम अवैध चरस और 14.50 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में मादक पदार्थों, अवैध शराब तस्करी सहित अन्य अपराधों के 51 अभियोग दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 सितंबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा चौकी श्यामपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर जंगल की ओर जाने लगा। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 435 ग्राम चरस, 14.50 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 1,900 रुपये नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना (57 वर्ष), पुत्र स्व. सुभाष, निवासी गली नंबर 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गुरुचरण सिंह कोतवाली ऋषिकेश का हिस्ट्रीशीटर है और पूर्व में भी मादक पदार्थों तथा अवैध शराब की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 487/2026, धारा 8/20/21/27(ए)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पूछताछ में दो अन्य नाम सामने आए

पुलिस के अनुसार पूछताछ में मादक पदार्थों की तस्करी में शांति देवी पत्नी गुरुचरण सिंह और सौरभ बत्रा, जो गुरुचरण सिंह का दामाद बताया गया है, की संलिप्तता भी प्रकाश में आई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

51 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गुरुचरण सिंह के खिलाफ वर्ष 1994 से 2026 तक विभिन्न धाराओं में कुल 51 अभियोग दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य आपराधिक धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। वर्ष 2022, 2024 और 2025 में भी उसके खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

बरामदगी

  • 435 ग्राम अवैध चरस
  • 14.50 ग्राम अवैध स्मैक
  • 1,900 रुपये नकद
  • 2 मोबाइल फोन

वांछित अभियुक्त

  • शांति देवी, पत्नी गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश
  • सौरभ बत्रा, निवासी अकबरपुर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चंद्रभागा, ऋषिकेश

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, कांस्टेबल शेखर सैनी, अशोक कुमार और संदीप भट्ट शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *