सड़क कटिंग और खुदाई को लेकर नगर निगम सख्त

सूचना बोर्ड, बैरिकेडिंग और समयबद्ध सड़क पुनर्स्थापना अनिवार्य

देहरादून। नगर निगम देहरादून क्षेत्र में पेयजल, सीवर, विद्युत, दूरसंचार, गैस, सड़क सहित अन्य आवश्यक नागरिक सेवाओं एवं विकास कार्यों के लिए की जाने वाली सड़क कटिंग और खुदाई को लेकर नगर निगम ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्थाओं, निर्माण इकाइयों एवं ठेकेदारों को सड़क कटिंग और खुदाई के दौरान निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनहित, आमजन की सुरक्षा, कार्यों में पारदर्शिता और सड़कों की समयबद्ध पुनर्स्थापना सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।

नगर निगम को विभिन्न क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सड़क कटिंग या खुदाई के दौरान संबंधित विभाग अथवा कार्यदायी संस्था की जानकारी, कार्य की अवधि और संपर्क अधिकारी का विवरण मौके पर प्रदर्शित नहीं किया जाता। इससे स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को कार्य से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में परेशानी होती है और यातायात व आवागमन भी प्रभावित होता है।

मौके पर लगाना होगा बड़ा सूचना बोर्ड

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सड़क कटिंग अथवा खुदाई का कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग या संस्था को मौके पर स्पष्ट और बड़े आकार का सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा।

सूचना बोर्ड पर विभाग/संस्था का नाम, किए जा रहे कार्य का विवरण, परियोजना अथवा कार्य की स्वीकृति का विवरण, कार्य प्रारंभ होने की तिथि, निर्धारित पूर्णता तिथि, संबंधित अधिकारी तथा ठेकेदार/संस्था के प्रतिनिधि का नाम और मोबाइल नंबर अंकित करना होगा। आवश्यकता के अनुसार सड़क पुनर्स्थापना की संभावित तिथि भी बोर्ड पर प्रदर्शित करनी होगी।

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं

नगर निगम ने कार्यस्थलों पर आमजन और वाहन चालकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए खुदाई वाले स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, सुरक्षा चिन्ह सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

खुदाई वाले स्थानों को खुले में नहीं छोड़ा जाएगा। पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था करना भी संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी होगी। यदि सड़क कटिंग के कारण यातायात प्रभावित होता है तो आवश्यक वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।

नगर निगम के निर्देशों का उद्देश्य सड़क कटिंग एवं निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा को कम करना, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की समयबद्ध एवं उचित तरीके से पुनर्स्थापना सुनिश्चित करना है।

About The Author