नौकानाला के जंगल में अवैध कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़

80 लीटर कच्ची शराब और 2 हजार किलो लहन बरामद, आरोपी मौके से फरार

ऋषिकेश। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने रुषाफॉर्म गुमानीवाला के समीप नौकानाला के पार जंगल में छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब बनाने की भट्टी का भंडाफोड़ किया।

आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर अवैध कच्ची शराब तैयार करने के लिए बनाई गई भट्टी मिली।

तलाशी के दौरान जंगल में गड्ढों में ड्रम दबाकर छिपाया गया करीब 2,000 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। इसके अलावा चार जरीकेनों में करीब 80 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई।

आबकारी विभाग की टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग के अनुसार, टीम के जंगल की ओर पहुंचने की भनक लगते ही अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में शामिल लोग जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

मामले में फरार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आबकारी विभाग की ओर से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम

कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश और अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, राकेश सिंह और दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल अंकित कुमार, सोनम पंवार और रेशमा चौहान शामिल रहे।

आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

About The Author