बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के हो रही थी प्लॉटिंग, एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध एवं अनधिकृत भू-विन्यास के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने देहरादून के झाझरा क्षेत्र में नन्दा एन्कलेव, सैनिक कॉलोनी एवं एलपी विलाश के सामने करीब 5 बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान मौके पर भूमि का डिमार्केशन कर प्लॉटिंग किए जाने की पुष्टि हुई। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित पक्ष मौके पर प्लॉटिंग के लिए स्वीकृत तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले में नियमानुसार वाद दायर कर सुनवाई एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद एमडीडीए की टीम मौके पर पहुंची और करीब 5 बीघा क्षेत्र में की जा रही समस्त अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के प्लॉटिंग, सीमांकन अथवा बिक्री के उद्देश्य से कॉलोनी विकसित करना अनुमन्य नहीं है। प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
प्राधिकरण ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। एमडीडीए की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
