हरिद्वार में पशुपालकों के द्वार पहुंचेगी मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट, सांसद निधि से मिली सुविधा

भ्रूण प्रत्यारोपण समेत पशु चिकित्सा एवं प्रजनन संबंधी सेवाएं अब पशुपालकों को गांव-गांव उपलब्ध कराने का प्रयास

देहरादून , 19 सितंबर 2026। पशुपालन विभाग, उत्तराखंड के निदेशालय सभागार देहरादून में पशुधन की उन्नत नस्ल सुधार एवं भ्रूण प्रत्यारोपण (Embryo Transfer) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य आधुनिक प्रजनन तकनीकों के माध्यम से प्रदेश में पशुधन की उत्पादकता एवं गुणवत्तापूर्ण नस्ल सुधार को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन अपर निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. राकेश सिंह नेगी के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कैलाश उनियाल ने किया। इस दौरान भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक पर डॉ. अजय असवाल द्वारा विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।

सांसद निधि से मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा सांसद निधि से उपलब्ध कराई गई मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का लोकार्पण किया गया।

विभाग के अनुसार इस मोबाइल यूनिट के माध्यम से हरिद्वार जनपद के पशुपालकों के द्वार पर ही भ्रूण प्रत्यारोपण सहित आवश्यक पशु चिकित्सा एवं प्रजनन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे पशुपालकों को आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाएं उनके क्षेत्र में ही मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री खेम सिंह पाल, वर्तमान मंडल अध्यक्ष श्रीमती सरिता सिंगल, श्री राजवीर कंबोज, केदारपुर के पार्षद श्री दर्शन लाल बिजोला, श्री आशीष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में निदेशालय एवं जनपद देहरादून के पशु चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

पशुधन नस्ल सुधार और आय बढ़ाने पर जोर

विभाग के मुताबिक मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट के माध्यम से आधुनिक पशु चिकित्सा एवं प्रजनन सेवाओं को पशुपालकों के द्वार तक पहुंचाने से पशुधन की नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

About The Author