मानसून बढ़ा रहा परेशानी: उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बारिश का सिलसिला जारी है। कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें प्रभावित हैं, जबकि नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

21 अगस्त को पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 21 अगस्त को देहरादून समेत प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले चार दिनों तक मानसून की गतिविधि सामान्य से अधिक तेज रहने की संभावना है।

22 अगस्त को इन जिलों में तेज रह सकता है मानसून

22 अगस्त को चमोली, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चंपावत में मानसून की गतिविधि तेज रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

वहीं, 23 से 25 अगस्त तक पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बौछारों का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम की स्थिति पर नजर रखने की अपील की गई है।

About The Author