दून वैली टाइम्स | चकराता
चकराता क्षेत्र के बुल्हाड़-पिंगुवा रोड पर बेगी गांव के पास सेब लेकर देहरादून के लिए आ रही महिंद्रा पिकअप गत गुरुवार को अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरे ढंगार में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता और भगवान की कृपा से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
वाहन में लदे सेब की पेटियों को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे वाहन में शिफ्ट किया, जिससे माल को अधिक नुकसान नहीं हुआ। वहीं शुक्रवार को कई घंटों की मेहनत और स्थानीय लोगों के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना मानसून के दौरान पहाड़ी सड़कों पर सफर करने के जोखिम को एक बार फिर उजागर करती है। लगातार बारिश से सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
