चकराता के मोहना में ‘सेवा सेतु’ शिविर, 645 ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ

12 में से 11 जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण, 99 पात्र लोगों के प्रमाण पत्र जारी

चकराता/देहरादून, 23 सितंबर 2026। चकराता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहना में बुधवार को ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत एक दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 645 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनजाति परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री स्तर के गीताराम गौड़ तथा चकराता की ब्लॉक प्रमुख आशा वर्मा ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ पत्र एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

शिविर में ग्रामीणों की ओर से 12 जनसमस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष एक शिकायत के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा शिविर में आय, जाति, खाता-खतौनी और सामाजिक पेंशन से संबंधित सेवाओं के तहत 99 पात्र व्यक्तियों के प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गीताराम गौड़ ने कहा कि प्रदेशभर में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न जनहितैषी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख फतेह सिंह, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख सुलोचना रावत, स्थानीय बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *