देहरादून से ऊधमसिंह नगर स्थानांतरित हुए प्रमोद कुमार, विदाई समारोह में कार्यकाल को किया याद
देहरादून। जनपद देहरादून में पुलिस अधीक्षक नगर के पद पर तैनात प्रमोद कुमार का स्थानांतरण जनपद ऊधमसिंह नगर होने पर देहरादून पुलिस की ओर से कैम्प कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।
विदाई समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने एसपी सिटी प्रमोद कुमार के कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों एवं अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रमोद कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में बेहतर समन्वय, संवेदनशीलता और टीम भावना का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने प्रमोद कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जनपद ऊधमसिंह नगर में नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रमोद कुमार को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साथ बिताए कार्यकाल को याद किया और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
विदाई समारोह में जनपद के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
