प्रख्यात आयुर्वेदाचार्य एवं पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश का निधन, चिकित्सा जगत में शोक की लहर

दून वैली टाइम्स | देहरादून

आयुर्वेद जगत के प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित वैद्य बालेंदु प्रकाश का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देहरादून समेत देश-विदेश के चिकित्सा जगत, सामाजिक क्षेत्र और उनके हजारों मरीजों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की जानकारी साझा की गई। परिजनों के अनुसार, वैद्य बालेंदु प्रकाश ने अपना पूरा जीवन आयुर्वेद, चिकित्सा शोध और मरीजों की सेवा के लिए समर्पित किया।

जटिल रोगों के आयुर्वेदिक उपचार और शोध के क्षेत्र में उनके योगदान को देश-विदेश में पहचान मिली। उन्होंने चिकित्सा को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि मानव सेवा के माध्यम के रूप में अपनाया। उनके उपचार से लाभान्वित हुए हजारों मरीजों और उनके परिवारों के बीच उनकी विशेष पहचान थी।

पुत्री ने साझा की भावुक स्मृतियां

वैद्य बालेंदु प्रकाश की पुत्री वैद्य शिखा प्रकाश ने भावुक संदेश में कहा कि उनके पिता का जीवन प्रेरणा, ज्ञान और करुणा का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि उनके पिता द्वारा छोड़ी गई चिकित्सा और सेवा की विरासत आने वाली पीढ़ियों को भी मार्गदर्शन देती रहेगी।

वैद्य बालेंदु प्रकाश के निधन को आयुर्वेद जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों और उनके परिचितों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।

आज शनिवार को हुआ अंतिम संस्कार

परिवार के अनुसार, वैद्य बालेंदु प्रकाश का अंतिम संस्कार आज शनिवार दोपहर 12:30 बजे प्रकाश डेयरी फार्म में किया गया।

उनके निधन से देहरादून ने आयुर्वेद चिकित्सा क्षेत्र की एक ऐसी प्रतिष्ठित शख्सियत को खो दिया है, जिसने अपना जीवन लोगों की सेवा और आयुर्वेद को आगे बढ़ाने में लगा दिया।

दून वैली टाइम्स परिवार की ओर से वैद्य बालेंदु प्रकाश को विनम्र श्रद्धांजलि। 🙏

About The Author