पटेलनगर में चोरी का खुलासा, नौकर समेत तीन गिरफ्तार

मालिक के गोदाम से तार के बंडल चोरी कर कबाड़ियों को बेचता था आरोपी, करीब 2 लाख रुपये का माल बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में सूर्या सोलर के गोदाम से तार के बंडल चोरी होने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए नौकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए हेवेल्स तार के 7 बंडल और 22 गुच्छे कटे हुए तार बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को वादी अंकित चौहान, एरिया सेल्स मैनेजर, सूर्या संसार ऑफिस पित्थूवाला, देहरादून ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उनके सूर्या सोलर के गोदाम से नौकर जतिन चौहान द्वारा तार के बंडल चोरी किए गए हैं। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0 693/26, धारा 306 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी से जुटाई जानकारी, चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई।

पुलिस के मुताबिक, प्राप्त जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 1 अक्टूबर 2026 को चेकिंग के दौरान निर्माणाधीन हाईवे के पास चंद्रबनी, पटेलनगर से मुख्य आरोपी जतिन चौहान समेत चोरी का माल खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जल्दी पैसा कमाने के लालच में कर रहा था चोरी

पूछताछ में आरोपी जतिन चौहान ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो वर्षों से वादी के कार्यालय में काम कर रहा था। ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह पिछले करीब 4-5 महीनों से गोदाम से तार के बंडल चोरी कर कबाड़ियों को कम कीमत पर बेच रहा था।

पुलिस के अनुसार, जब मालिक को चोरी की जानकारी हुई और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, तो आरोपी पहले चोरी किए गए तार के बंडलों को कबाड़ियों को बेचकर अपने गांव भागने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे चोरी का माल खरीदने वाले दोनों आरोपियों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. जतिन चौहान, उम्र 27 वर्ष, निवासी पित्थूवाला खुर्द, वैष्णवी लोक कॉलोनी, पटेलनगर, देहरादून; मूल निवासी कालूवाला पहरीपुर, जहांपुर, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
  2. संजीत, उम्र 30 वर्ष, निवासी टीसीडी, थाना बसवारा, जिला दरभंगा, बिहार; हाल निवासी राजपुर रोड, कंडोली, थाना रायपुर, देहरादून।
  3. तालिब, उम्र 20 वर्ष, निवासी मेहूंवाला माफी, पटेलनगर, देहरादून; मूल निवासी कीनौड़ी, थाना मीरापुर, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।

बरामदगी

  • हेवेल्स तार के 7 बंडल
  • कटे हुए तार के 22 गुच्छे
  • बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये

पुलिस टीम

  • उ0नि0 विक्रम सिंह नेगी
  • का0 सोमपाल
  • कां0 विनोद कुमार

About The Author