बागेश्वर में दर्दनाक हादसा: नदी में गिरने से 7 वर्षीय मासूम की मौत

स्कूल से घर लौटते समय हुआ हादसा, पुंगर नदी से करीब 300 मीटर दूर बरामद हुआ शव; परिवार में मचा कोहराम

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। दुग-नाकुरी तहसील क्षेत्र के भैरूचौबट्टा गांव के तिलाड़ी तोक में स्कूल से घर लौट रही सात वर्षीय मासूम छात्रा की नदी में गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस-प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बच्ची का शव बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भैरूचौबट्टा गांव के तिलाड़ी तोक निवासी 7 वर्षीय गुड्डी पुत्री चंदन कुमार मंगलवार शाम प्राथमिक विद्यालय करुली से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में पुंगर नदी पर बनी पुलिया पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह उफनती नदी में जा गिरी।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

मासूम के नदी में बहने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर कालीघाट के पास नदी किनारे से मासूम का शव बरामद किया।

मां जंगल में काट रही थी घास

बताया गया कि हादसे के समय बच्ची की मां पूजा देवी जंगल में मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। बेटी के नदी में बहने की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता चंदन कुमार और दादी देवकी देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गुड्डी अपने परिवार की तीन बहनों में मझली बेटी थी। बताया जा रहा है कि वह आंगनबाड़ी के बाद इसी वर्ष प्राथमिक विद्यालय करुली में कक्षा एक में प्रवेश लेने वाली थी। परिवार और ग्रामीणों के बीच इस हादसे के बाद शोक की लहर है।

About The Author