उधमसिंहनगर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गदरपुर क्षेत्र से एक युवक को कथित राष्ट्रविरोधी एवं कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक, निवासी मजरासीला, गदरपुर के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल पर कथित रूप से कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े समूहों और चैट की जानकारी मिली है।
देर रात की गई तलाशी कार्रवाई में आरोपी की निशानदेही पर एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर तथा दो एके-47 के कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री के स्रोत की पड़ताल कर रही हैं।
एसटीएफ का दावा है कि आरोपी के कुछ संपर्क अंतरराष्ट्रीय और ट्रांस-बॉर्डर नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और मलेशिया में बैठे एक कथित हैंडलर से संबंधों की भी जांच की जा रही है। मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की संभावना को देखते हुए अन्य एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 एवं 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
गदरपुर में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में युवक गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई




