हरियाणा के युवाओं ने मुख्यमंत्री धामी से साझा किए उत्तराखंड भ्रमण के अनुभव

कनेक्टिविटी, होम-स्टे, पर्यटन, सौर ऊर्जा और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना; सीएम बोले—उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बनें युवा

देहरादून। उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने अपने भ्रमण के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए और उत्तराखंड में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

युवाओं ने कहा कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से देखने और राज्य सरकार की योजनाओं से स्थानीय स्तर पर हो रहे बदलावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अधिकांश भू-भाग पर्वतीय होने के बावजूद राज्य में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे नेटवर्क के विस्तार की दिशा में भी तेजी से काम होने की बात उन्होंने कही।

स्वच्छ पर्यावरण और होम-स्टे की सराहना

हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि होम-स्टे योजना के माध्यम से स्थानीय लोगों को अपने घरों से ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। सरकार द्वारा होम-स्टे को प्रोत्साहन और सहायता दिए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की बात भी युवाओं ने कही।

युवाओं ने सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।

तीर्थाटन और पर्यटन सुविधाओं से बढ़ रहा आकर्षण

हरियाणा के युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड में तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाओं के कारण राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को भी राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया।

युवाओं ने उत्तराखंड के शांत वातावरण और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें महसूस हुआ कि उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ क्यों कहा जाता है। भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों से उन्हें अपनापन और सहयोग मिला।

‘अतिथि देवो भवः’ उत्तराखंड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा से आए युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न राज्यों में किए जा रहे नवाचारों और विकास की कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देते हैं।

‘अंतिम छोर तक पहुंचे विकास का लाभ’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। अंत्योदय की भावना के अनुरूप गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के अन्य वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ ही सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है।

विकास के साथ विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

युवाओं से बोले सीएम—सोशल मीडिया पर साझा करें उत्तराखंड का अनुभव

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के युवाओं से कहा कि उन्होंने तीन दिनों के दौरान उत्तराखंड में जो देखा, समझा और अनुभव किया है, उसे अपने मित्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

उन्होंने युवाओं को ‘उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच इस प्रकार का संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से हरियाणा में उत्तराखंड से जुड़े अपने सकारात्मक अनुभव साझा करने और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार एवं बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

About The Author