युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश, नशा मुक्त समाज निर्माण का लिया संकल्प

Listen to this article

स्वच्छ देवभूमि एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में आगे आए युवा, कर्नल अजय कोठियाल ने राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित

 

देहरादून। सजग इंडिया फाउंडेशन, सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज देहरादून तथा उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी देहरादून के विद्यार्थियों द्वारा यूथ फाउंडेशन एवं माय भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हरिद्वार रोड स्थित लक्ष्मण सिद्ध मंदिर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद एवं यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल तथा सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से समाज सेवा, स्वच्छता एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि स्वच्छ देवभूमि एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक दिशा में कार्य करे तो समाज में व्यापक परिवर्तन संभव है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता बनाए रखने तथा नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने अपने घर, मोहल्ले एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा समाज को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कर्नल अजय कोठियाल ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में युवाओं की ऊर्जा, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति जैसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में माय भारत टीम की उपनिदेशिका मोनिका नांदल, स्वयंसेवक आशीष सगोई, अभिषेक राणा, उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल जे.एस. नेगी सहित विभिन्न संस्थानों के गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अभियान के समापन पर युवाओं से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा समाज को नशे जैसी कुप्रवृत्तियों से मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *