रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को तीनधारा स्थित सक्षम होटल के समीप एक टेंपो ट्रैवलर और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो ट्रैवलर चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड परिवहन निगम का टेंपो ट्रैवलर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से बदरीनाथ की ओर जा रहे एक ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। दुर्घटना में चालक हरदीप सिंह (45) निवासी अहमदपुर ग्रांट, हरिद्वार को सामान्य चोटें आईं, जबकि यात्री धीरज कुमार (35) निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश के सिर में गंभीर चोट लगी है।
दुर्घटना के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीनधारा में टेंपो ट्रैवलर और ट्रक की भिड़ंत, दो घायल, हाईवे पर लगा लंबा जाम




