देहरादून पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना सेलाकुई और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान, 3 लाख 90 हजार रुपये नकद तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार सेलाकुई क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के संबंध में थाना सेलाकुई में पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच 22 जून 2026 को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए सेलाकुई क्षेत्र में आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-AA-2277 पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान विकास (21 वर्ष) निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर तथा सुमित कुमार (27 वर्ष) निवासी बेहट, सहारनपुर के रूप में हुई।
पुलिस की सख्त पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सेलाकुई क्षेत्र में हुई पांच चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर शंकरपुर, सहसपुर स्थित किराए के कमरे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की गई।
बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन के समय काम की तलाश के बहाने कॉलोनियों और मोहल्लों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय उन मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गर्मी की छुट्टियों में बाहर गए परिवारों के मकान इनके प्रमुख निशाने पर रहते थे।
बैंक खाते में जमा मिले चोरी के पैसे
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी विकास ने चोरी के सामान को बेचकर प्राप्त 2.50 लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा किए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करा दिया है।
पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में चोरी की घटनाओं में एक अन्य साथी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बरामदगी
- लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान
- 3 लाख 90 हजार रुपये नकद
- ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-AA-2277
- आरोपी के बैंक खाते में जमा 2.50 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज
पुलिस टीम को मिला सम्मान
चोरी की पांच घटनाओं का सफल खुलासा करने पर एसएसपी देहरादून ने थाना सेलाकुई एवं एसओजी टीम के उत्साहवर्धन हेतु पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस कार्रवाई में थाना सेलाकुई के थानाध्यक्ष लोकपाल परमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विवेक भंडारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों तथा एसओजी देहात प्रभारी निरीक्षक के.आर. पांडे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




