देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होते ही बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने 3 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उधम सिंह नगर, नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून (ऋषिकेश क्षेत्र सहित) में भारी बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा भी बना हुआ है।
राजधानी देहरादून में भी दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं नैनीताल जिले के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।




