देहरादून। सहारनपुर रोड स्थित लाल पुल के पास 23 जून को हुई दर्दनाक बस दुर्घटना की अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी (सदर) को जांच अधिकारी नियुक्त किया है और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
23 जून को सुबह करीब 11 बजे नगर बस (वाहन संख्या UK07PA-0287) दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में राजीवनगर, पटेलनगर निवासी 22 वर्षीय आहद की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य यात्री घायल हुए थे।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार जांच में दुर्घटना के वास्तविक कारण, चालक सहित बस में सवार यात्रियों की संख्या, मृतक एवं घायलों का सत्यापन, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतक के उत्तराधिकारियों का विवरण, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन सहित भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों की विस्तृत जांच की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। साथ ही, घटना से संबंधित कोई भी व्यक्ति यदि लिखित या मौखिक साक्ष्य अथवा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी देना चाहता है तो वह एक सप्ताह के भीतर उप जिलाधिकारी (सदर) कार्यालय एवं न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।




