देहरादून/श्रीनगर। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने अनुशासन, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
समिति द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर 03 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन भी किया गया।
समिति को प्राप्त कर्मचारी के स्पष्टीकरण और जांच समिति की प्रारंभिक आख्या का परीक्षण करने के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है।
बीकेटीसी का मानना है कि जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारी को वर्तमान पद पर बनाए रखने से जांच प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी रहेगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




