कोटद्वार में 36 लाख की स्मैक के साथ हरिद्वार के दो तस्कर गिरफ्तार, 120 ग्राम नशा बरामद

Listen to this article

कोटद्वार: पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के दो युवकों को 120 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम द्वारा शुक्रवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

चेकिंग के दौरान कौड़िया रेलवे फाटक से कौड़िया कैंप की ओर मजार गेट के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो सोहेल (21 वर्ष) निवासी धनपुरा, पथरी, हरिद्वार के कब्जे से 60 ग्राम तथा साहिब (20 वर्ष) निवासी धनपुरा, पथरी, हरिद्वार के कब्जे से 60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में मु.अ.सं. 152/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और नशे के नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author