देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया आलानकब (लोहे का औजार) तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और टैक्सी चलाकर अपना जीवनयापन करता है।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपने नशे की लत पूरी करने के लिए एटीएम में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास किया था। हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
देहरादून पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




