रानीखेत में सनसनीखेज वारदात: सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक की हत्या

Listen to this article

अल्मोड़ा/रानीखेत। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के ऐना गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। युवक को बचाने पहुंचीं दो महिलाओं पर भी हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, सिमली गांव निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह अपनी बुआ जानकी देवी के घर लगभग 10 दिनों से रह रहा था। सागर मेरठ में पढ़ाई कर रहा था और अग्निवीर भर्ती की तैयारी के सिलसिले में रानीखेत आया हुआ था। घटना के समय घर में भोजन बनाया जा रहा था, तभी एक युवक कमरे में घुसा और सागर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सागर की चीख-पुकार सुनकर बुआ जानकी देवी और उनकी चचिया सास सावित्री देवी बचाव के लिए दौड़ीं। इस दौरान हमलावर ने जानकी देवी के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जबकि सावित्री देवी का गला भी रेत दिया। गंभीर रूप से घायल सागर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां जानकी देवी के सिर पर कई टांके लगाए गए, जबकि गंभीर रूप से घायल सावित्री देवी को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

आरोपी गांव का ही निकला, पुरानी रंजिश की आशंका

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रत्यक्षदर्शी जानकी देवी ने गांव के ही जगत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को वारदात की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य युवक भी जांच के दायरे में है।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। इस हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

About The Author