हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्दूचौड़ क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए हरिद्वार से छुट्टी लेकर घर आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महज दो महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिवार और नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ क्षेत्र के दीना डी क्लास निवासी कमल आर्य हरिद्वार स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को हुई थी। गुरुवार को उनकी पत्नी का जन्मदिन था, जिसे यादगार बनाने के लिए कमल छुट्टी लेकर घर पहुंचे और परिवार के साथ खुशी-खुशी जन्मदिन मनाया।
रात में भोजन करने के बाद कमल सो गए। शुक्रवार सुबह उन्हें लालकुआं से ट्रेन पकड़कर ड्यूटी पर लौटना था। उन्होंने पत्नी से समय पर जगाने के लिए कहा था और मोबाइल में अलार्म भी लगाया था। सुबह अलार्म बजा, लेकिन कमल की कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। पत्नी ने कई बार जगाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर परिजनों को सूचना दी।
परिजन तत्काल उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस और डॉक्टरों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
बताया जा रहा है कि कमल आर्य तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। शादी के महज दो महीने बाद हुई उनकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




