17 जुलाई को राहुल गांधी का देहरादून दौरा, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की समीक्षा बैठक

Listen to this article

कांग्रेस भवन में वरिष्ठ नेताओं ने तैयारियों का लिया जायजा, छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने पर दिया जोर

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रव्यापी अभियान “छात्रों की गूंज” के तहत आयोजित होने वाले विशाल छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को कांग्रेस भवन में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, संगठनात्मक तैयारियों और विभिन्न जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश एससी विभाग अध्यक्ष मदन लाल, देहरादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, देहरादून महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 17 जुलाई को होने वाला यह छात्र-युवा संवाद कार्यक्रम शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

About The Author