टेंट लगाने के दौरान सिर पर गिरा लोहे का भारी एंगल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने का कार्य चल रहा था, तभी लोहे का एक भारी एंगल कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब कार्यक्रम स्थल पर मंच और टेंट की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। अचानक ऊपर से भारी लोहे का एंगल गिरने से अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत सीएमआई अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखकर इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
अमर मेहता के निधन की खबर मिलते ही सीएमआई अस्पताल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी।
इस हादसे के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, 17 जुलाई को राहुल गांधी के प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर भी मंथन शुरू हो गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम को तय समय पर आयोजित किया जाए या उसमें कोई बदलाव किया जाए, इस पर वरिष्ठ स्तर पर चर्चा चल रही है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
उधर, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई। कांग्रेस ने अमर मेहता के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।




