UKD में बड़ा बवाल! पार्टी अध्यक्ष का बड़ा एक्शन, दो वरिष्ठ नेताओं पर गिरी गाज

Listen to this article

आशुतोष नेगी को केंद्रीय उपाध्यक्ष पद से हटाया गया, कैप्टन राकेश ध्यानी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

देहरादून। उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल सामने आया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर दो वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश के अनुसार, केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है, जबकि वरिष्ठ नेता कैप्टन राकेश ध्यानी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

पार्टी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और पार्टी हितों को सर्वोपरि रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कैप्टन राकेश ध्यानी पर लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने, सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने तथा संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को गंभीर मानते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से बाहर करने का निर्णय लिया है।

वहीं, आशुतोष नेगी को केंद्रीय उपाध्यक्ष के पद से हटाने का भी आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि, उन्हें पद से हटाने के पीछे विस्तृत कारणों का उल्लेख आदेश में सार्वजनिक रूप से नहीं किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद उत्तराखंड क्रांति दल के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर संगठनात्मक स्तर पर और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Doon Valley Times

About The Author